राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर में विवादित पोस्ट पर हुई विरोध प्रदर्शन के बाद प्रबंधन ने एहतियातन निर्धारित समय से 10 दिन पहले ही वीरवार को शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया। इसके साथ ही इस्लामिया कॉलेज ऑफ साइंस एंड कॉमर्स ने भी सभी कक्षाओं और आंतरिक परीक्षाओं को अगले आदेश तक निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार विवादिक पोस्ट पर तनाव बढ़ने के बाद छात्र कल्याण के डीन ने पत्र जारी कर इंजीनियरिंग संस्थान में शीतकालीन अवकाश की घोषणा कर दी। सर्कुलर में हॉस्टल में रहने वाले सभी छात्रों को तत्काल प्रभाव से घर जाने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि गैर-स्थानीय छात्र दोपहर में सुरक्षा घेरे में 15 वाहनों के काफिले में संस्थान से अपने-अपने गृह राज्यों के लिए जम्मू रवाना हो गए। संस्थान के रजिस्ट्रार ने कहा कि शीतकालीन छुट्टियां केवल 10 दिन पहले की गई हैं, इससे शैक्षणिक नुकसान नहीं होगा।
रजिस्ट्रार अतीकुर रहमान ने बताया कि हमारे यहां हर साल शीतकालीन छुट्टियां होती हैं। इस साल छुट्टियां नौ दिसंबर से निर्धारित थीं लेकिन पहले ही करनी पड़ीं। छात्रों की चल रही परीक्षाओं के बारे में उन्होंने कहा कि छात्र शीतकालीन अवकाश के बाद लौटने पर शेष पेपर देंगे। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि छात्रों को कोई शैक्षणिक नुकसान न हो। एक छात्र की कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर मंगलवार को एनआईटी श्रीनगर में विरोध प्रदर्शन किया गया था।
प्रदर्शनकारियों ने उस गैर-स्थानीय छात्र के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, जिसे छुट्टी पर घर भेज दिया गया है। विरोध के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रबंधन ने एनआईटी श्रीनगर की वेबसाइट को रखरखाव के लिए बंद कर दिया है। इस पर केवल हम शीघ्र ही ऑनलाइन वापस आ जाएंगे का संदेश आ रहा है।
बता दें कि पोस्ट पर विवाद बढ़ने के बाद बुधवार को यहां के अमर सिंह और इस्लामिया कॉलेज में भी विरोध प्रदर्शन किया गया था। आईजीपी, कश्मीर ने मंगलवार को कहा था कि पोस्ट की सामग्री ने लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।