बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-ताइबा के एक हाइब्रिड आतंकी को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। उसी शिनाख्त पाईन निवासी मोहम्मद इकबाल भाटी के तौर पर हुई है। उक्त आतंकी हाल ही में श्रीनगर-बारामुला हाईवे पर बरामद की गई आईईडी को लगाने में भी शामिल बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि क्रीरी इलाके में कुछ आतंकी सक्रिय हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने शनिवार को क्रीरी में नाका लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक संदिग्ध हाइब्रिड आतंकी पकड़ा गया। उसके पास से एक पिस्तौल, मैगजीन व 7 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, भाटी पाकिस्तान में बैठे लश्कर सरगना सैफुल्ला और अबू जरार के संपर्क था। वह घाटी में सक्रिय आतंकियों को सभी प्रकार की मदद पहुंचाता था। इसके अलावा आतंकवादी राष्ट्रीय राजमार्ग पर आईईडी हमले को अंजाम देने के लिए रसायन और अन्य सामग्री प्रदान करने में सक्रिय रूप से शामिल था। उससे पूछताछ से भविष्य में आतंकवाद विरोधी अभियानों के बारे में और जानकारी मिलने की संभावना है।