श्रीनगर। कश्मीर घाटी में पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश का सिलसिला बुधवार देर शाम थम गया। इससे घाटी के कई इलाकों में बाढ़ का खतरा कम हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते दक्षिण कश्मीर में संगम के करीब झेलम नदी का स्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था, लेकिन अब इसमें कमी आई है और बारिश रुकने के चलते और कमी आएगी, जोकि आसपास रहने वाले लोगों के लिए राहत की बात है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा श्रीनगर में राम मुंशीबाग और उत्तरी कश्मीर में अषम के पास भी झेलम नदी के जलस्तर में कमी आई है। धीरे-धीरे पानी घट रहा है जिसके चलते बाढ़ का खतरा कम हुआ है। अधिकारी ने बताया कि दक्षिण और उत्तरी कश्मीर में भी जो भी छोटे-बड़े नाले हैं उनमें भी जलस्तर कम होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में जो बांध को नुकसान पहुंचा था, उसे भी ठीक करने का काम जारी है। जिन जिलों में स्कूल आदि बारिश के चलते बंद किए गए थे, वे वीरवार को खुल गए।