लेह/जम्मू। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि जोजिला सुरंग का निर्माण विपरीत परिस्थितियों और बड़ी चुनौतियों में चल रहा है। आने वाले समय में यह परियोजना मिसाल बनेगी, जिस पर पूरे देश को गर्व होगा। मंगलवार को जोजिला के पूर्वी पोर्टल का निरीक्षण करने पहुंचे मिश्रा ने उम्मीद जताई कि सुरंग का निर्माण अपनी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो जाएगा।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को निरीक्षण दौरे के दौरान परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने निर्माण संबंधी जानकारी दी। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि जोजिला दर्रे पर सुरंग खोदने का काम बेहद चुनौतीपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में भी सुरंग का निर्माण शानदार तरीके से अंजाम दिया जा रहा है। इससे पूर्व मंत्री ने जोजिला सुरंग निर्माण का निरीक्षण किया। उन्हें पूरी परियोजना का संक्षिप्त प्रस्तुतिकरण भी दिया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक रिटायर्ड कर्नल राजीव कुमार, मुख्य प्रबंधक कर्नल शिव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।