बारामुला। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी में नशा तस्करी में शामिल एक सरकारी कर्मचारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 किलो हेरोइन बरामद की गई है। बाजार में इसकी कीमत 18 से 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है यह हेरोइन सीमा पार से तस्करी कर लाई गई थी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उड़ी के गाला में नाके पर सेना के साथ मिलकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक वाहन को रुकने का इशारा किया गया। वाहन की जांच के दौरान उसमें 10 पैकेट हेरोइन (लगभग 10 किलो) मिला। पूछताछ में चालक ने अपना नाम उड़ी के बांसग्रां निवासी मोहम्मद जैद शाह गिलानी बताया। उसने यह भी बताया कि वह ग्रामीण विकास विभाग कश्मीर में कार्यरत है। हेरोइन की खेप उसके पास कहां से पहुंची, पुलिस इस बात का पता लगा रही है।