लेह/जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख प्रशासन के सभी पेंशनरों को अब केंद्रीय पेंशन लेखा कार्यालय में शिफ्ट कर दिया गया है। कुल 4488 पेंशनरों को अब जम्मू-कश्मीर बैंक की संबंधित शाखाओं से पेंशन लेने में आसानी होगी। केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से पेंशन भोगियों के कई मामलों पर विचार चल रहा था। इन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर समाधान किया जा रहा है। इन्हीं में शामिल पेंशन वितरण को अब आसान कर दिया गया है। इसके लिए पेंशनरों को संबंधित शाखा में जाकर अपना प्रमाणीकरण करवाना होगा।
सरकार के प्रवक्ता के अनुसार केंद्र की ओर से सभी पेंशनरों का डाटा डिजिटाइज कर दिया गया है। इस व्यवस्था में पेंशनरों को 31 मार्च तक पेंशन का भुगतान आसानी से होगा। वहीं पेंशन पर आश्रित जीवनसाथी यदि पेंशन योग्य होते हैं तो उन्हें भी पेंशन लेने में अब ज्यादा औपचारिकताएं पूरी नहीं करनी होंगी।