श्रीनगर। बारामुला-बनिहाल रेल सेक्शन पर बडगाम तथा मजहोम स्टेशनों के बीच नदीगाम हॉल्ट स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव रविवार से शुरू हो गया। बारामुला जिला विकास परिषद (डीडीसी) अध्यक्ष नाजिर अहमद खान ने मुख्य एरिया प्रबंधक साकिब यूसुफ की मौजूदगी में रविवार को इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नदीगाम स्टेशन के शुरू होने से स्थानीय लोगों को इसका फायदा मिलेगा।
घाटी में रेलवे के चीफ एरिया मैनेजर साकिब अहमद के अनुसार, शुरुआत में केवल दिन में दो ट्रेनों का यहां एक मिनट के लिए ठहराव रखा गया है। इन ट्रेनों में गाड़ी संख्या 74614 बारामुला-बनिहाल, स्पेशल रेलगाड़ी संख्या 04618 सुबह 8.50 मिनट पर जबकि वापसी में बनिहाल-बारामुला, स्पेशल रेलगाड़ी संख्या 04619 शाम 4.53 बजे ठहरेगी।
डीडीसी चेयरमैन नाजिर अहमद ने कहा कि वर्ष 2017 से चल रही यात्रियों की इस मांग को पूरा होता देखना काफी सुखद है। उत्तरी रेलवे ने बडगाम तथा मजहोम स्टेशनों के बीच नदीगाम और रजवान हॉल्ट स्टेशन और काकपोरा तथा अवंतीपोरा स्टेशनों के बीच रत्नीपोरा हॉल्ट स्टेशन स्थापित करने की घोषणा की थी। इनमें से केवल नदी गाम हॉल्ट स्टेशन की शुरुआत हुई है।