श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने बुधवार को मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले का दौरा किया। उन्होंने सशस्त्र पुलिस परिसर मानसबल में आईआर 8वीं बटालियन और एपी 14वीं बटालियन के जवानों को संबोधित करते हुए कानून व्यवस्था और सुरक्षा अभ्यास प्रशिक्षण की जरूरतों पर ध्यान देने पर जोर दिया ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में पर्याप्त प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जवानों को व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए ड्यूटी के दौरान सुरक्षात्मक उपायों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया।
डीजीपी ने कार्य व्यवहार में बदलाव पर जोर देते हुए जवानों को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर दिया। परिसर में जवानों और अधिकारियों के रहने की सुविधा में सुधार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जवानों का कल्याण हमेशा पीएचक्यू की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दरबार के दौरान जवानों द्वारा उजागर किए गए वास्तविक मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करें। बटालियन स्तर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के आदेश दिए। डीजीपी ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में परिसर में एटीएम और गैस आउटलेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर एडीजीपी एसजेएम गिलानी, आईजीपी कश्मीर विजय कुमार, कमांडेंट आईआर 8वीं बटालियन इम्तियाज हुसैन, कमांडेंट जेकेएपी 14वीं बीएन राज सिंह गौरिया और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों उपस्थित रहे।