श्रीनगर। एंटी करप्शन ब्यूरो ने बडगाम जिले में खानसाहिब कथवाड़ में पटवारी को एजेंट के साथ एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटवारी ने जमीन रिकॉर्ड में एक व्यक्ति के नाम इंतकाल करने के लिए एक लाख रुपये मांगे थे। टीम ने पटवारी के वाहन की तलाशी भी ली, जिसमें से 82 हजार रुपये नकद राशि मिलने पर उसे जब्त कर लिया गया।
एसीबी ने पटवारी राजा मदस्सिर अली खान और उसके एजेंट नवाज हुसैन को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार के नाम पर भूमि का दाखिल खारिज (इंतकाल) करवाना था। पटवारी ने एजेंट के माध्यम से एक लाख रुपये की मांग की। इस पर एसीबी ने जाल बिछाया। बुधवार को एसीबी की टीम ने शिकायतकर्ता को दस हजार रुपये नकद और पहले से तय 90 हजार रुपये का चेक लेकर पटवारी के पास भेजा। जैसे ही पैसे और चेक पटवारी को सौंपा गया, एसीबी टीम ने दोनों आरोपियाें को दबोच लिया। पटवारी के घर की भी तलाशी ली गई है।