केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला श्रीनगर पहुंचे हैं। शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक प्रस्तावित है। दो दिवसीय यात्रा पर वे पीएम की निर्धारित यात्रा से पहले विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 24 अप्रैल को प्रस्तावित यात्रा से पहले केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला अमरनाथ यात्रा एवं चुनाव को लेकर विभिन्न तैयारियों की समीक्षा के लिए वीरवार को श्रीनगर पहुंचे। दो दिवसीय यात्रा पर वे पीएम की निर्धारित यात्रा से पहले प्रधानमंत्री विकास कार्यक्रम (पीएमडीपी) के तहत विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। उच्च स्तरीय बैठक शुक्रवार को प्रस्तावित है।
विज्ञापन
सूत्रों ने बताया कि अपने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आए भल्ला द्वारा घाटी की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा किए जाने की संभावना है। क्योंकि दो साल के अंतराल के बाद होने वाली वार्षिक अमरनाथ यात्रा की तैयारियां चल रही हैं। केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव के लिए सुरक्षा तैयारियों पर भी स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठकों में चर्चा होने की संभावना है।
जम्मू कश्मीर परिसीमन आयोग की रिपोर्ट एक मई से पहले आने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में संसद में कहा था कि परिसीमन का काम पूरा हो जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराए जाएंगे। आईबी के निदेशक अरविंद कुमार भी पहुंचे हैं। बैठकों में हाल की टारगेट किलिंग की घटनाओं पर भी विचार होगा।