श्रीनगर। शेर ए कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल शुक्रवार को की गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर फायर सर्विसेज, एनसीसी के अलावा अन्य सभी सुरक्षाबलों की टुकड़ियों ने परेड में भाग लिया। परेड की सलामी कश्मीर के डिवकॉम पीके पोल ने ली। इसके अलावा कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए।
डिवकॉम कश्मीर पीके पोल ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए किये गए प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि समारोह में परेड और रंगारंग कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
श्रीनगर पुलिस ने श्रीनगर शहर की मुख्य सड़कों पर स्वतंत्रता दिवस की बधाई वाले होर्डिंग भी लगाए। होर्डिंग श्रीनगर में कई स्थानों पर देखे जा सकते हैं। होर्डिंग्स के अलावा पुलिस ने कुछ पार्कों की रेलिंग को भी तिरंगे के रंग में सजाया है।