बारामुला में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के नाम पर चंदा उगाही कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके घर से जेके बैंक की दो पासबुक, तीन चेक बुक व जमात की बुकलेट बरामद की गई हैं।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला शहर में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी के नाम पर चंदा उगाही कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसकी शिनाख्त माइक्रोवेव कॉलोनी कनलीबाग निवासी मोहम्मद अमीन गनी के रूप में हुई है। उसके घर से सुरक्षाबलों ने जेके बैंक की दो पासबुक, तीन चेक बुक व जमात की बुकलेट बरामद की है।
विज्ञापन
एसएसपी बारामुला रईस मोहम्मद भट्ट ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति एक स्कूटी पर सवार होकर जा रहा था। सुरक्षाबलों ने शक के आधार पर उसे रोका और तलाशी ली तो उसके पास से प्रतिबंधित संगठन जमात-ए-इस्लामी की तीन रसीद बुक, एक मोबाइल फोन और 15900 रुपये की नकद राशि मिली।
उसने पूछताछ में बताया कि यह रकम उसने जमात के लिए चंदे के रूप मे आम लोगों से जुटाई है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसके कनलीबाग स्थित आवास पर भी तलाशी ली। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।