बारामुला में लश्कर का आतंकी मददगार, -दो हथगोले और 40 हजार नकद बरामद
इससे पहले मंगलवार को उत्तरी कश्मीर के बारामुला में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी मददगार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो हथगोले और गोला-बारूद बरामद किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बारामुला के उशकारा क्षेत्र में मंगलवार की रात आतंकी गतिविधियों की सूचना पर संयुक्त नाका लगाया गया था।
चेकिंग के दौरान नाका की ओर पैदल आ रहे एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। पुलिस पार्टी और सुरक्षाबलों को देखकर संदिग्ध व्यक्ति ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन सतर्क नाका पार्टी ने उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मुदस्सिर अहमद भट निवासी उशकारा बारामुला के रूप में हुई। प्रवक्ता ने बताया कि उसकी तलाशी के दौरान 2 हथगोले और 40 हज़ार रुपये की नकदी भी उसके कब्जे से बरामद हुई। गौरतलब है कि इस संबंध में पीएस बारामुला में यूए(पी) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।