होली पर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए नार्दर्न रेलवे ने कालका-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा साप्ताहिक एक्सप्रेस (04503, 04504) को शुरू कर दिया है। 17 से 31 मार्च तक यह ट्रेन छह फेरे लगाएगी। इसमें छह जनरल बोगियां लगाई गई हैं।
31 मार्च को यह ट्रेन आखिरी फेरा कटड़ा से कालका के लिए लगाएगी। यह कालका से हर वीरवार को चलेगी और कटड़ा से वीरवार को ही कालका के लिए शाम को रवाना हो जाएगी। होली के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए नार्दर्न रेलवे ने जम्मू-कश्मीर के लिए कालका-कटड़ा एक्सप्रेस का एलान किया है।
17 मार्च को यह ट्रेन रात डेढ़ बजे (1:30 एएम) कटड़ा के लिए रवाना की गई थी और 17 मार्च को दोपहर एक बजे (13:00 पीएम) इसका कटड़ा पहुंचने का समय था। कटड़ा से कालका तक इसके चलने का समय रात 9:20 बजे रखा गया है। कटड़ा से रवाना होने के बाद यह अगली सुबह 7:50 पर बजे कालका पहुंचेगी। होली के पर्व को लेकर 31 मार्च तक यह ट्रेन कुछ छह फेरे लगाएगी। इसके बाद यह बंद की दी जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें एक एसी सेकेंड, दो एसी थर्ड, पांच स्लीपर क्लास और सबसे अधिक छह जनरल क्लास बोगियां लगाई हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्री जनरल टिकट लेकर सफर कर सकें।
होली स्पेशल यह ट्रेन चंडीगढ़, लुधियाना, पठानकोट कैंट, जम्मू तवी और उधमपुर स्टेशन से होकर कटड़ा पहुंचेगी।