चार राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम के दिन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला दिनभर एक के बाद एक 13 ट्वीट करते हुए कई दलों के नेताओं के लिए सिरदर्द पैदा करते रहे।
13 ट्वीट करने के बाद उमर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘आज के लिए मैं ट्वीट करना बंद कर रहा हूं। यदि अब मेरे किसी ट्वीट से किसी को नाराजगी हो तो समझ लेना किसी ने मेरा मोबाइल चोरी कर लिया है और चोर मुझे नीचा दिखाने के लिए ऐसे ट्वीट कर रहा है।’
अरविंद केजरीवाल की पार्टी आप के शानदार प्रदर्शन पर ट्वीट कर उमर ने कहा है कि वह कि सी नई ताकत को कमजोर नहीं आंकते। नया संदेश लेकर आने वाले किसी भी नए चेहरे को वह हल्के में नहीं लेते।
उन्होंने यह भी कहा है कि बड़ी रैलियां वोटों में तब्दील हो जाएं यह जरूरी नहीं। हां, राजनीतिक रैलियों में लोगों की कम मौजूदगी पार्टी में बड़े संकट का संकेत जरूर देती हैं।
मोदी ने फिर की गलती, उमर ने लताड़ा!
नोट्स ऑफ सेल्फ सीरीज के तहत किए गए ट्वीट में उमर ने लिखा कि वह नए संदेश के साथ आने वाले ताजे चेहरों को कम नहीं आंकते। उन्होंने यह भी कहा है कि वोटर अब समर्थन पाने की जमकर सौदेबाजी देखेंगे।
सुबह से ट्रेंड देखने के लिए टीवी के सामने बैठे उमर ने चुनाव बाद सर्वेक्षणों के गलत नतीजों की भी खिल्ली उड़ाई। ट्वीट में लिखा, कौन सा चुनावी सर्वेक्षण आम आदमी को सिर्फ छह सीटें दे रहा था? ऐसे सर्वेक्षण करने वाले चुनाव विशेषज्ञों को हटा देना चाहिए। जाहिर है सर्वेक्षण करने वालों ने घर में ही बैठ कर आंकड़े भर लिए।