राजोरी में दुर्लभ प्रजाति का पक्षी मिला
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। दुर्लभ प्रजाति के पक्षी हिमालयन मोनाल को जख्मी हालत में रविवार को बुद्धल तहसील के फलनी गांव में एक युवक ने पकड़ा। उसे वन्यजीव संरक्षण विभाग के हवाले कर दिया।
युवक मंजूर अहमद बाबा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे वह जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो पाया कि दुकान के बाहर उक्त पक्षी खड़ा है। मंजूर ने उसे पकड़ लिया और जांच करने पर पाया कि उसकी टांग में जख्म है। उसे चलने में परेशानी हो रही है। इसके बाद उन्होंने कुछ लोगों से संपर्क किया और पक्षी मिलने की बात बताई। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी वन्यजीव संरक्षण विभाग को दी। बाबा ने बताया कि हालांकि वन्यजीव संरक्षण विभाग को जानकारी देने के बाद भी उन्होंने पक्षी को अपने कब्जे में लेने के लिए पूरा दिन लगा दिया। सुबह संपर्क करने के बाद विभाग की टीम शाम को 4 बजे उनके पास पहुंची और पक्षी को कब्जे में लेकर राजोरी की ओर रवाना हो गए।
वहीं इस संबंध में उपायुक्त विकास कुंडल ने बताया कि फलनी के युवक से प्राप्त सूचना के आधार पर एक पक्षी को लेने के लिए वन्यजीव नियंत्रण कक्ष राजोेरी की एक टीम द्वारा हिमालयन मोनाल (लोफोफोरस इम्पेजेनस) को अपने कब्जे में लेकर बचाया गया है। पक्षी को उपचार के लिए वन्यजीव बचाव केंद्र राजोेरी ले जाया गया है।