राजोरी। जिले के बुद्धल ब्लॉक के लोअर पंचायत केवल के कंगोटा गांव में एक फुटब्रिज की एप्रोच रोड ढह जाने से पांच गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। इस अप्रोच मार्ग के ढह जाने से हजारों की संख्या में लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी मंजूर बाबा ने बताया कि कई वर्ष पहले बनाए गए फुटब्रिज के साथ अप्रोच मार्ग पहले से ही धंस रही थी। कुछ महीने पहले मूसलाधार बारिश से रोड का कुछ हिस्सा ढह गया था। वहीं कुछ दिन पहले शुरू हुई बारिश के कारण शनिवार सुबह रोड का एक अन्य हिस्सा भी ढह गया। बाबा ने बताया कि इस संबंध में कई बार प्रशासन को अवगत भी कराया गया, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इस एप्रोच रोड के ढह जाने से जिले की बुद्धल तहसील के कंगोटा, गुंडी शाहपुर, बेला और केरी गांव में रहने वाले करीब 10000 लोग फंसकर रह गए हैं।
सरपंच इंकलाब ने बताया कि उक्त पांच गांव में जाने के लिए एकमात्र फुटब्रिज ही रास्ता है। फुटब्रिज का अप्रोच मार्ग बह जाने से लोग अपने गांव में ही फंसकर रह गए है और यदि बारिश नहीं रुकती तो लोगों को खाने-पीने के भी लाले पड़ सकते है। उक्त गांवों में अधिकांश जनता गरीब है। इसलिए उनको रोजमर्रा के कामकाज के लिए बुद्धल या कोतरंका आना पड़ता है। सरपंच ने जिला प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा कि तत्काल एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।