राजोरी। सरकारी राशन की भारी किल्लत से जूझ रहे जिले की थन्नामंडी तहसील के साज वासियों ने जोरदार प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और सीएपीडी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार ने एनएसएफए को लागू तो कर दिया है, लेकिन लोगों को सरकारी राशन मुहैया नहीं करवाया गया है। स्थानीय निवासी बशीर अहमद, मोहम्मद रशीद, आजम खान, फारूक चौधरी आदि ने बताया कि उन्हें पिछले दो माह से सरकारी राशन नहीं मिला है।
यहां तक कि बीपीएल परिवारों को भी सरकारी राशन नहीं मिला है। लोगों को महंगे दामों पर राशन खरीदना पड़ रहा है। गांव में कई ऐसे बीपीएल परिवार हैं जो महंगे दामों पर बाजार से राशन नहीं खरीद पा रहे हैं। ऐसे में कई परिवारों में भूखे रहने की नौबत आ गई है। गुस्स्साए प्रदर्शनकारियों ने एनएसएफ के तहत बनाए जा रहे नए राशन कार्डों में बड़े पैमाने पर हेराफेरी करने की बात कहते हुए बताया कि नए राशन कार्ड सूचियों में कई नाम गायब हैं व कई ऐसे नाम शामिल किए गए हैं जो गांव में रहते ही नहीं हैं।