राजोरी। जिले के कंडी पुलिस थाने के अंतर्गत कोटरंका बड्डाल सड़क मार्ग स्थित शाहपुर इलाके में सोमवार शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिर गई। इसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जीएमसी राजोेरी में भर्ती करवाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक नए बिना नंबर के ट्रैक्टर पर छह लोग सवार होकर कोटरंका से बड्डाल की तरफ जा रहे थे। रास्ते में सड़क पर फिसलन होने के कारण चालक मोड़ पर संतुलन खो बैठा और वाहन 70 फुट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में घायल लोगों को स्थानीय निवासियों ने कोटरंका के अस्पताल पहुंचाया। बीएमओ डॉ. इकबाल मलिक ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी राजोरी रेफर कर दिया गया है।
जीएमसी के डॉ. जावेद इकबाल चौधरी ने बताया कि चार मरीजों की हालत नाजुक है और उनका उपचार जारी है, जबकि दो की हालत स्थिर है। पुलिस ने मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि ये लोग ट्रैक्टर में सवार होकर कहां और क्यों जा हा रहे थे।
------
ये हैं घायल
घायलों की पहचान खुर्शीद आलम (22) पुत्र मोहम्मद आलम निवासी दराज तहसील कोटरांका, आसिफ अली (23) पुत्र मोहम्मद कासिम, क्रामत अली (25) पुत्र तालिब हुसैन निवासी तेवान (कोटरंका), मोहम्मद इकबाल (40)पुत्र मियां निवासी लरकुति, एजाज अहमद (23) पुत्र मोहम्मद लतीफ निवासी दरमन तहसील कोटरंका और मोहम्मद इरफान (19) पुत्र अब्दुल लतीफ निवासी शाहपुर तहसील कोंटरका के रूप में हुई है।