बारिश से एक तरफ पारा गिरने से लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिली, वहीं जनजीवन भी प्रभावित रहा।
मूसलाधार बारिश ने नगरपालिका की पोल भी खोल कर रख दी। नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने से भी लोगों को आने जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर गंदा पानी लोगों के घरों में भी घुस गया। सुंदरबनी, मेंढर में भी बारिश होने से गर्मी से लोगों को राहत मिली।
मेंढर में बारिश के साथ ओले भी पड़े जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली। सुंदरबनी तथा इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार सुबह हुई बारिश ने क्षेत्र में एक सप्ताह से पड़ रही गर्मीं से काफी राहत दिलाई है। राजोरी शहर के सरकारी डिग्री कालेज रूट व राजोरी थन्नामंडी रूट पर जलभराव जैसी समस्या देखने को मिली।
करीब दस बजे बारिश रुकी लेकिन दिन भर बादल छाए रहे। दोपहर बाद चार बजे फिर से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रिकार्ड किया गया।
पहाड़ी इलाकों में लगातार दूसरे दिन रविवार को भी मूसलाधार बारिश और बीच-बीच में ओले गिरने से ठिठुरन बढ़ गई। जिले के दरहाल, बुद्धल, कोटरंका, थन्नामंडी आदि तहसीलों में बारिश व ओले गिरने से बहुत अधिक ठंड महसूस की जाने लगी है। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में लोगों ने ठिठुरन से बचने के लिए गर्म कपड़े व स्वेटर पहन लिए हैं। कहीं कहीं आग का सहारा लेना भी पड़ रहा है।