अस्थायी करने और बकाया वेतन की लंबत मांगों के समर्थन में सोमवार को डेलीवेजर कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ऑल जेएंडके आईटीआई ट्रेंड सीपी वर्कर एसोसिएशन के बैनर तले भारी संख्या में डेलीवेजर कर्मियों ने एक्सईएन कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष रोमी वर्मा ने बताया कि पिछले करीब दस वर्ष से वे बतौर डेलीवेजर काम कर रहे हैं। सरकार उनसे सेवाएं पूरी लेती है। स्थानीय कर्मियों की तरह ही डेलीवेजर भी काम कर रहे हैं, लेकिन न हमें पूरा वेतन दिया जाता है और न ही समय पर वेतन मिलता है।
उन्होंने कहा कि पिछले आधे साल से ज्यादा का वक्त हो गया उनको वेतन नहीं मिला है। बिना वेतन के काम करना अब संभव नहीं है। अपने परिवार को दो समय का खाना प्रदान करना भी संभव नहीं हो रहा है। कर्मियों ने राज्य की नई गठित हुई पीडीपी भाजपा की गठबंधन सरकार से गुहार लगाते हुए कहा कि वह पहले की तरह हमारे साथ धोखा न करें। उन्होंने राज्य की नई मुख्य मंत्री से अपील की कि वे उन्हें स्थायी करने के लिए ठोस कदम उठाएं। व उन्हें बकाया वेतन प्रदान करें। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नई सरकार ने भी कोई सुध नहीं ली तो आंदोलन छेडे़ंगे।