मुगलमाड़ा निवासियों ने गांव तक पक्की संपर्क सड़क का निर्माण करवाने की मांग को लेकर शनिवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव को मुगलरोड से जोड़ने वाले झूलापुल को करीब तीन घंटों तक बंद रखा। जिससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गांव में आवाजाही करने में परेशानियों का समाना करना पड़ा।
इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने धमकी दी कि अगर एक महीने के भीतर गांव के लिए सड़क निर्माण का काम नहीं शुरू किया गया तो वह मुगलरोड को जाम कर प्रदर्शन करेंगे। मुगलमाड़ा के ग्रामीण गांव के नंबरदार मोहम्मद तालिब, मोहम्मद आयूब, मोहम्मद सदीक और अयाज़ मुगल के नेतृत्व में गांव को मुगलरोड से जोड़ने वाले लोहे के झूला पुल पर पहुंचे।
वहां पर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुल को बंद कर दिया। करीब तीन घंटों तक चले प्रदर्शन के दौरान तालिब हुसैन और अयाज मुगल ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि छह से अधिक दशक बीत जाने के बाद भी उनके गांव के लिए संपर्क सड़क का निर्माण तक नहीं करवाया गया है।
जिसके चलते हर दिन घंटों पैदल चल कर सड़क तक पहुंचना पड़ता है। लोगों ने चेतावनी दी कि अगर एक महीने के भीतर संपर्क सड़क का निर्माण नहीं शुरू किया गया तो मुगलरोड जाम कर प्रदर्शन करेंगे।