तहसीलदार थन्नामंडी बाजार का दौरा करते हुए
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। तहसीलदार थन्नामंडी साहिल शाह ने रविवार को बाजार का निरीक्षण किया। उनके साथ ईओ नगर पालिका समिति और जीक्यू मुजफ्फर अहमद लोन मौजूद रहे। तहसीलदार ने दुकानों विशेषकर फल, सब्जी विक्रेताओं, चाय स्टालों, रेस्तरां आदि की सफाई पर जोर दिया। स्पष्ट किया कि ग्राहक से अतिरिक्त शुल्क वसूलना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह दुकानदारों का नैतिक कर्तव्य है कि ताजी सब्जियां और फल उपलब्ध कराएं।
इस दौरान टीम ने कई दुकानों में रखी सड़ी गली सब्जियां और फल नष्ट किए। निरीक्षण दल ने प्रतिबंधित पॉलिथीन भी जब्त की। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीम ने 3500 रुपये का जुर्माना वसूला, जो उचित स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं करने पर किया गया। तहसीलदार ने सभी दुकानदारों को पॉलीथिन का उपयोग न करने की चेतावनी दी अन्यथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आम जनता को बिल्कुल भी नुकसान नहीं होगा। आम जनता ने मीडिया से बात करते हुए तहसील प्रशासन की इस तरह की पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।