राजोेरी। जिले में प्रधानमंत्री की तरफ से शुरू की गई जन औषधि योजना के तहत शुरू किए गए नौ में से मात्र चार केंद्र ही चालू हैं। इसकी जानकारी उपायुक्त विकास कुंडल द्वारा केंद्रों के कामकाज की समीक्षा के दौरान मिली।
बैठक में बताया गया कि सरकार ने जिले के लिए नौ औषधि केंद्र स्वीकृत किए हैं, जिनमें से चार चालू हैं। अन्य पांच बंद हैं। आगे बताया गया कि केंद्रों से अब तक लगभग 41914 रोगियों ने लाभ उठाया है। उपायुक्त ने कहा कि जन औषधि केंद्रों का उद्देश्य सभी विशेष रूप से गरीबों और वंचितों के लिए सस्ती कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने इस धारणा का मुकाबला करने के लिए जेनेरिक दवाओं के लाभों के बारे में जन जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता को रेखांकित किया कि गुणवत्ता केवल उच्च कीमत का पर्याय है।
डीडीसी ने 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के कोविड टीकाकरण की प्रखंडवार प्रगति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में जल्द से जल्द लक्ष्य हासिल करने को कहा। बैठक में प्रिंसिपल जीएमसी एंड एएच गुलाम अली शाह, सीपीओ मोहम्मद खुर्शीद, सीएमओ डॉ. शमीम उन निसा भट्टी, एमएस जीएमसी और एएच डॉ. अनीस अल्ताफ नबी, डीएचओ डॉ. खालिद और बीएमओ मौजूद रहे।