जिले की मंडी तहसील के गांव पलेरा के ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पिछले पांच वर्षों से प्राथमिक चिकित्सा केंद्र की इमारत के पूरा न होने से आक्रोशित थे। गांव में चिकित्सा केंद्र शुरू नहीं होने से गुस्साए ग्रामीणों और पंचायत सदस्यों ने राज्य सरकार, स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
लोगों ने इस बात की धमकी दी कि एक महीने में अगर गांव का यह प्राथमिक चिकित्सा केंद्र शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र निवासी एक बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे जिसकी जिम्मेवारी प्रशासन और सरकार पर होगी। गांव पलेरा में काफी ग्रामीण एवं एजाज अहमद तांत्रे ,मोहम्मद आयूब, खादम हुसैन मीर और नजीर अहमद की अगुवाई में पिछले पांच वर्षों से निर्माणाधीन प्राथमिक चिकित्सा केंद्र में एकत्र हुए, जहां उन्हाेंने स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू किया।
इस दौरान एजाज अहमद तांत्रे ने आरोप लगाया कि पलेरा में पिछले पांच सालों से यह अस्पताल बनाया जा रहा है जो आज तक पूरा नहीं हो पाया है, जिसके चलते परेला, मोरबन, चिखड़ीबन, लोअलबेला, जड़ीनाग आदि क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के उपचार के लिए भी उपजिला अस्पताल मंडी या जिला अस्पताल पुंछ जाना पड़ता है। हमारी मांग है कि जल्दी से इसकी इमारत का निर्माण पूरा कर यहां चिकित्सक तैनात किए जाएं।
वहीं तसलीम रजा बटट, जाकिर हुसैन, यार मोहम्मद, काज़ी मोहम्मद सदीक, नूर मोहम्मद खान, मोहम्मद जाहिर खान आदि ने कहा कि अस्पताल निर्माण में निम्न गुणवत्ता के सामान का प्रयोग किया गया है, जिसके चलते इमारत में कई जगह दरारें पड़ गई हैं।