जिला चनाव अधिकारी द्वारा आयोजित मेगा स्वीप इवेंट में मौजूद डिवकाम और आईजी पुलिस ने बढ़-चढ़ कर मतदान करने का संदेश दिया। उन्होंने जनता से कहा कि वह अपने अधिकार एवं कर्तव्य को न भूलें। 20 दिसंबर को भारी संख्या में अपने क्षेत्रों में बने पोलिंग बूथों पर पहुंचें और मतदान कर एक अच्छी और स्थिर सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
मंगलवार को शहर के डाकबंगले में आयोजित मेगा स्वीप इवेंट में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भारी संख्या में स्कूली बच्चों ने भाग लिया। हाथों में बैनर और प्लेकार्ड लिए रैली की शक्ल में बच्चे डाकबंगले पहुंचे और लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जम्मू संभाग के डिवकाम शांतमनु शर्मा ने कहा कि मतदान करना केवल हमारा अधिकार ही नहीं कर्तव्य भी है। आईजी पुलिस राजेश कुमार ने स्कूली बच्चों से कहा कि वह अपने परिवार में मतदान के बारे में जागरूक करें और साथ ही अपने पास पड़ोस में विशेष कर वृद्धों और महिलाओं को मतदान के महत्व के बारे में बताएं। कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटक, पहाड़ी और गोजरी लोक गीतों के माध्यम से मतदान के बारे में जागरूक किया गया।
रियासी जिले से विशेष रूप में आए अभिनय कला मंच ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि यदि हम वोट नहीं डालते हैं तो इससे कोई भी गलत नेता हमारे भविष्य को खराब करने विधानसभा में पहुंच सकता है। पहाड़ी और गोजरी कलाकारों ने पहाड़ी भाषा और गोजरी भाषा में लोक गीतों के माध्यम से मतदान करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला चुनाव अधिकारी एवं डीसी राजोरी जितेंद्र कुमार सिंह, एडीसी सलीम मलिक, मुख्य शिक्षा अधिकारी अब्दुल हमीद फानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव शर्मा, आशा और आंगनबाड़ी वर्कर आदि रहे।