सुंदरबनी। उपजिला के साथ लगते जिला रियासी के शिवखोड़ी रनसू के लिए सुंदरबनी से सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को शिव खोड़ी दर्शनों के लिए जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुंदरबनी से शिव खोड़ी रनसू 50 किलोमीटर की दूरी पर है, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए सीधी बस की सुविधा नहीं है।
उन्हें तीन बार वाहन बदलकर रनसू पहुंचना पड़ता है। इससे लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सुंदरबनी के निवासियों राजेंद्र शर्मा, अंकुश शर्मा, प्रेम कुमार, पंकज कुमार, तरसीम लाल, सुरेश कुमार आदि का कहना है कि सुंदरबनी से शिव खोड़ी रनसू के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को रास्ते में तीन जगहों पर वाहन बदलने पड़ते हैं। उन्हें समय के साथ-साथ आर्थिक परेशानियों का भी सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यातायात विभाग के अधिकारियों से गुहार लगाई कि सुंदरबनी से शिवखोड़ी रनसू के लिए सीधी बस सेवा चलाकर दिक्कतों को दूर किया जाए।