शनिवार देर शाम जिले की सूरनकोट तहसील के गांव पमरोट में दो परिवारों के बीच हुई मारपीट में एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला जुबेदा बेगम पत्नी मोहम्मद सादिक फिरोजल, पमरोट सूरनकोट की रहने वाली थी। पुलिस ने इस घटना के बाद धारा 302 में मामला दर्ज कर दो आरोपियों अल्हा दित्ता पुत्र अत्ता मोहम्मद फिरोजल और शाहबानो पत्नी अल्हा दित्ता निवासी पमरोट को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सूरनकोट के गांव पमरोट निवासी मोहम्मद सादिक और उसके रिश्ते के भाई अल्हा दित्ता के बीच जमीन जायदाद को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। शनिवार की देर शाम दोनों परिवारों में एक बार फिर से इसी मसले पर कहासुनी होने लगी, जो मारपीट में बदल गई। मारपीट में मोहम्मद सादिक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे परिवार के सदस्यों ने पड़ोसियों की सहायता से उपजिला अस्पताल सूरनकोट पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं दो परिवारों में मारपीट और महिला की मौत की जानकारी मिलने पर सूरनकोट पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दबिश देकर दो आरोपियों को गांव से ही धर दबोचा। उसके बाद शव का पंचनामा भर कर उसका पोस्टमार्टम करवाया जिसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए उसे परिजनों को सौंप दिया।