राजोरी। राजोरी पुलिस थाना अंतर्गत पड़ने वाले एक गांव में किशोरी के साथ बलात्कार करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम आरोपी को पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर ले लिया। गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पहले कोटरंका निवासी सरकारी स्कूल के एक शिक्षक को भी पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया था। शिक्षक पर अपने ही स्कूल की एक छात्रा का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था। शुक्रवार को पेश आया यह दूसरा मामला है जब बलात्कार के आरोपी की पाक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तारी की गई।
शुक्रवार को पेश आए मामले में पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि पांच दिन पहले परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए थे। उस समय उनकी 14 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। लड़की को घर में अकेला देख क्षेत्र में पेंटर का काम करने वाला जम्मू निवासी एक युवक जबरदस्ती घर में घुस गया और किशोरी के साथ बलात्कार किया। किशोरी के बेहोश होने के बाद वह वहां से फरार हो गया। परिवार के लोग जब घर लौटे तो किशोरी ने आपबीती मां को सुनाई। इसके बाद उन्होंने लड़की को राजोरी पुलिस थाने में ले जाकर मामला दर्ज करवाया।
बयान----
पीड़िता किशोरी है, इसलिए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद एक संदिग्ध स्थान पर छापेमारी कर आरोपी राकेश कुमार निवासी बेलीचराना जम्मू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और पुलिस रिमांड पर ले लिया है। पुलिस ने पीड़ित किशोरी की मेडिकल जांच के बाद उसे परिवार के हवाले कर दिया है।
-युगल मनहास, एसएसपी राजोरी