राजोरी। शहर व आसपास के इलाकों में गुंडागर्दी कर शांति भंग करने के आरोप में चार युवकों व एक कुख्यात तस्कर को राजोरी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार शहर के मलिक मार्केट निवासी यासिर लोन, वार्ड दो निवासी मुनव्वर फारूक, वार्ड 9 निवासी वकार अहमद और रिशभ शर्मा के खिलाफ कई प्रकार की आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की शिकायतें मिल रही थीं। चारों युवक नशे की हालत में गुंडागर्दी करने, युवतियों को छेड़ने, युवाओं को नशे की लत में डालने जैसे आपराधिक गतिविधियों में शमिल थे। सभी को कार्यकारी मजिस्ट्रेट राजोरी के आदेशों के बाद धारा 107/151/110 सीआरपीसी के तहत हिरासत में लिया गया है और एसएचओ राजोरी अजाज हैदर की पुलिस टीम ने डीएसपी हेडक्वार्टर गोविंद रतन की देखरेख में जिला जेल भेज दिया है।
उधर, नौशेरा पुलिस ने एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसएसपी के अनुसार नौशेरा के कोट दब्बड़ निवासी कुख्यात तस्कर पयार हुसैन नशीली दवाओं का सेवन करने के अलावा नशीली दवाओं का अवैध व्यापार करने व शराब के नशे करने का आदी था। उसके खिलाफ नौशेरा के कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने गिरफ्तारी के आदेश जारी किए थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।