राजोरी। जिले की बुद्धल तहसील के मन्नूगाला जंगली इलाके में शुक्रवार को चार लकड़हारे पेड़ काटने गए थे। उन्होंने जिस पेड़ को काटा वह दुर्घटनावश उनके ऊपर ही गिर गया। इस हादसे में एक लकड़हारे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उक्त जंगली इलाके में चार लकड़हारे शुक्रवार की सुबह पेड़ काट रहे थे। जब उन्होंने भारीभरकम पेड़ को काटा तो वह उनके ऊपर ही गिर गया। उनकी चीख-पुकार सुन कर आसपास के कुछ लोगों मौके पर पहुंचे व उनके परिवार वालों को सूचित किया। परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो चारों को कड़ी मशक्कत के बाद पेड के नीचे से निकाला गया। चारों घायलों को बुद्धल के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद मुश्ताक पुत्र हाकिम दीन निवासी द्रमन कंडी को मृत लाया करार दे दिया। अन्य घायल लकड़हारों नजाम दीन, अब्दुल रशीद और मोहम्मद अकरम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में तीनों का उपचार जारी है व हालत स्थिर बताई जा रही है।