राजोरी। जिले के दूरदराज के इलाकों मे कोविड महामारी के प्रकोप से गरीब व बेसहारा लोगों को बचाने के लिए डीडीसी अध्यक्ष ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट किए। शनिवार को डीडीसी अध्यक्ष नसीम लियाकत और सदस्य थन्नामंडी क़यूम मीर द्वारा कोतरंका चिकित्सा ब्लॉक के स्वास्थ्य केंद्र पीरी, पीएचसी बुद्धल, पीएचसी थन्नामंडी, पीएचसी कालाकोट और स्वास्थ्य केंद्र त्रयाठ में एक-एक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट किया।
बीएमओ कंडी डॉ. इक़बाल मालिक की उपस्थिति में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर भेंट किए गए। वहीं डीडीसी अध्यक्ष और सदस्य को धन्यवाद देते हुए बीएमओ ने कहा कि पांच ऑक्सीजन कंसंट्रेटर आवश्यकतानुसार दूर दराज के पिछड़े इलाकों के अस्पतालों को दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर में सर्वाधिक कमी ऑक्सीजन की हुई थी, जिसके कारण कोविड मरीजों को बहुत कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। जहां कोविड की संभावित तीसरी लहर से लोगों को बचाने के लिए केंद्र व राज्य सरकार तेजी से अनेक प्रबंध कर रही है और सरकार द्वारा विभिन्न स्तर के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं वहीं सामाजिक संगठन व संवेदनशील व्यक्ति भी अपनी ओर से सहयोग में जुटे हैं। ऐसा ही एक प्रयास डीडीसी अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा किया जा रहा है।