सुंदरबनी। उपायुक्त विकास कुंडल ने मंगलवार को राजेंद्र शर्मा स्योट तथा सुंदरबनी के बीडीसी, अध्यक्ष म्यूनिसिपल कमेटी एवं सरपंचों के साथ बैठक की। इस दौरान नगर में चल रहे विकास कार्यों पर विचार विमर्श किया। बैठक में मौजूद लोगों ने उपजिला अस्पताल तथा डिग्री कॉलेज की निर्माणाधीन इमारतों को जल्द पूरा करने, लोगों को पेश आ रही परेशानियों से निजात दिलाने की गुहार लगाई।
उपायुक्त ने कहा कि क्षेत्र में चल रहे सभी प्रकार के कार्यों को तय समय पर पूरा करके लोगों की परेशानियों को दूर किया जाएगा। इसके लिए निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों डीडीसी तथा बीडीसी सदस्यों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वह क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों पर नजर रखें। ताकि विकास कार्यों के कराने में किसी किस्म की कोताही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं कि लोगों की हर समस्या का हल निकले और लोग सरकारी सुविधाओं को पूरी तरह से लाभ ले सकें।