राजोरी में सड़क किनारे खड़े टिप्पर में घुसा टेंपो ट्रेवलर।
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। शहर से सटे दूधाधारी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक टेंपो ट्रैवलर ने सड़क किनारे खड़े टिप्पर को पीछे से टक्कर मार दी। इसके चलते टेंपो ट्रैवलर में सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार जेके 02 एजी 8846 नंबर वाला टेंपो ट्रैवलर राजोरी के नए बस अड्डे से पुराने बस स्टैंड की तरफ जा रहा था। रास्ते में मंदिर के पास साइड में खड़े एक टिप्पर को उसने पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आधा टेंपो टिप्पर के पीछे घुस गया। इसके चलते टेंपो ट्रैवलर के आगे की सीट पर बैठे सज्जाद अहमद (37) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसमें सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जीएमसी में भर्ती कराया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद अहमद ने बताया कि घायलों में रफ़ाक़त हुसैन, इम्तियाज अहमद और मोहम्मद इरफ़ान का उपचार जारी है। हालत स्थिर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों वाहनों को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।