राजोरी के केरी सेक्टर के जंगलो मे लगी भीषण आग
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। जिले के विभिन्न इलाकों के जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। इससे हर रोज करोड़ों रुपये की वन संपदा राख हो रही है। सड़क के किनारे तो दमकल कर्मी किसी तरह से आग पर काबू पा रहे हैं, लेकिन सड़क से दूर जंगलों में आग पर काबू पाने में कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार की रात को केरी सेक्टर के चिट्टी बकरी और झीमगढ़ के करीब जंगल में भीषण आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग बहुत तेजी से फैलने लगी और रिहायशी इलाकों की ओर बढ़ने लगी। आग ने 8 से 10 कनाल भूमि को चपेट में ले लिया। वहीं आग पर काबू पाने के लिए उसी समय राजोरी से फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की गाड़ियां असिस्टेंट डायरेक्टर कमांड राजोरी-पुुंछ हिमांशु गंडोतरा और स्टेशन इंचार्ज मकबूल हुसैन की अगुवाई में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ आग पर काबू पाना शुरू कर दिया, लेकिन आग तेज होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रात भर कई घंटों के लंबे संघर्ष के बाद दमकल कर्मियों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया, लेकिन सड़क के ऊपर अभी भी आग जारी है। वन विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ जंगल के आसपास रहने वाले लोग भी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
इस संबंध में दमकल स्टेशन प्रभारी मकबूल का कहना है कि जैसे ही हमारे पास सूचना पहुंची, हमने उसी समय आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कई घंटों से अधिक समय के बाद सड़क के करीब जो भी आग थी उसे काबू कर लिया। उन्होंने कहा कि अगर कुछ समय और आग पर काबू न करते तो आग रिहायशी के करीब पहुंच सकती थी।