राजोरी मे नियंत्रण रेखा से स्टे जंगलो मे लगी आग
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। नियंत्रण रेखा से सटे तरकुंडी गली और पंज ग्राई क्षेत्र के जंगल आग से जल रहे हैं। आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है, लेकिन अब तक इस आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है। बताया जा रहा है कि आग संदिग्ध परिस्थितियों में लगी है, जिससे जंगल धू-धू कर जल रहे हैं।
एलओसी से सटे उक्त क्षेत्रों के जंगलों में भीषण आग लगी हुई है। संदिग्ध हालात में लगी आग में अब तक लाखों की वन संपदा राख हो चुकी है। आग लगे जंगलों के आस पास बसने वाले लोगों ने बताया कि जंगल में आग लगने से जहां एक तरफ पेड़-पौधे राख होते जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पशु व वन्य जीव की भी मौत हो रही है।
इससे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जंगलों में लगी आग से क्षेत्रों में प्रदूषण फैलने के साथ-साथ गर्मी में भी बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। वन विभाग वन्य जीव विभाग और फायर एंड इमरजेंसी सर्विस ने स्थानीय लोगों की मदद से भीषण आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक पूरी तरह से आग पर काबू नहीं पाया जा सका है।
इसका सबसे बड़ा कारण दमकल वाहनों का जंगलों तक नहीं पहुंच पाना है। फायर ब्रिगेड के स्टेशन इंचार्ज मकबूल हुसैन ने बताया कि सड़क सुविधा के अभाव के चलते दमकल वाहन जंगलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और इससे आग पर काबू पाना संभव नहीं हो पा रहा है। सड़क से सके स्थानों पर आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन दूर के स्थानों पर काबू पाना संभव नहीं है।
शुक्रवार दोपहर बाद करीब 2 बजे लगी आग शाम तक 300 कनाल जंगली इलाके को घेर चुकी थी। दमकल अधिकारी ने बताया कि जिस स्थान पर दमकल वाहन नहीं पहुंच पाए, वहां वन विभाग के कर्मचारियों ने फायर लाइन बना कर व अन्य उपाय करके आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब-करीब आग पर काबू पा लिया गया है।
इस संबंध में रेंज अधिकारी का कहना है कि आग पर काबू पाने के लिए विभाग और स्थानीय लोग प्रयास कर रहे हैं। उम्मीद है कि बहुत जल्द आग पर काबू पा लिया जाएगा। आग लगने के कारणों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।