पुंछ। जिले में कई दिन से होने वाली बर्फबारी से बिजली ढांचा बुरी तरह प्रभावित हो गया है। इससे बर्फबारी प्रभावित क्षेत्राें में सैकड़ों की संख्या में खंभे टूट गए हैं। उन पर लगी तारें बर्फ में दब गई हैं। दर्जनों ट्रांसफार्मर गिर कर बर्फ में पड़े हैं। कई बिजली स्टेशनों को भी नुकसान पहुंचा है।
इसके चलते आज तक जिले के दूरदराज के अधिकतर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप है। हालांकि रविवार को मौसम साफ होने के साथ ही बिजली विभाग की तरफ से बडे़ पैमाने पर क्षतिग्रस्त ढांचे को दुरुस्त करने का अभियान शुरू कर दिया गया जोकि देर शाम तक जारी रहा। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सहित सभी अधिकारियों ने बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान की जांच करने के साथ ही आपूर्ति बहाल करने में जुटे कर्मचारियों के कामकाज का भी निरीक्षण किया। एग्जीक्यूटिव इंजीनियर इरशाद हुसैन ने बताया कि इस बर्फबारी से सबसे अधिक नुकसान बिजली ढांचे को हुआ है। हमारे सैकड़ों खंबे टूट गए हैं। ट्रांसफार्मर और स्टेशन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते अभी जिले में पूरी तरह आपूर्ति करने में समय लगेगा।