पुंछ। पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई ने मंडी और सुरनकोट में बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में संपर्क सड़कों से बर्फ हटाने का अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान विभाग के एईई कमल ज्योति शर्मा की अगुवाई में कर्मचारियों ने स्नोप्लो मशीन से लोरन डन्ना और लोरन बटलकोट सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू किया।
सुरनकोट तहसील में बफलियाज, देरागली के साथ ही मुगलरोड पर चंडीमाड़ा से पोशाना स्थित सैन्य शिविर तक यातायात बहाल करने हेतु बर्फ हटाने का अभियान चलाया गया है। जिले में शुरू किए गए बर्फ हटाने के अभियान के बारे में एईई ने बताया कि रविवार से जारी बर्फबारी के चलते मंडी एवं सुरनकोट के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई संपर्क सड़कों पर यातायात बंद हो गया। इसके बाद हमने सोमवार को मशीनों और कर्मचारियों को बर्फ हटाने का अभियान शुरू किया है। देर शाम तक कई संपर्क सड़कों से बर्फ हटा दी गई है।