पुंछ। नगर में दिन ब दिन चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। इसके चलते जहां पहले चोर दुकानों के ताले काट कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। वहीं अब वह बेखौफ होकर दुकानों के शटर तोड़ कर नापक हरकतों को अंजाम दे रहे हैं।
सोमवार की रात चोरों ने शराब की दुकान और एक बार एवं रेस्टोरेंट का शटर तोड़ कर नकदी उड़ा ली। वारदात की जनकारी मिलने पर पुलिस ने घटना स्थलों पर पहुंच कर मामले की जांच करते हुए फिंगर प्रिंट्स और सीसीटीवी फुटेज लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। बस अड्डे पर स्थित कुलदीप कुमार वाइन शॉप के मालिक और किंग बार एवं रेस्टोेरेंट के मालिक गुरदीप सिंह सराफ अपनी दुकानों पर पहुंचे तो दुकानों के टूटे शटर जमीन से करीब दो फुट ऊपर उठे देख कर उनका माथा ठनक गया और जब उन्होंने अंदर देखा तो गल्ले खुले थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और अपने सीसीटीवी की फुटेज देखी। उन्हें दुकानों में चोरी होने की पुष्टि हो गई।
लोगों का कहना है कि ताले काट कर चोरी करने के बजाय अब चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह शटर तोड़ने से भी नहीं डरते हैं। उधर पीड़ित दुकानदारों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।