पुंछ में पुलिस की तरफ से आयोजित शहीद जवानों के लिए श्रदांजली मैच
- फोटो : POONCH
पुंछ। पुलिस की तरफ से पुलिस झंडा दिवस के उपलक्ष्य में शहीद जवानों की याद और उनको श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से नगर स्थित कॉलेज मैदान में मखदूमी वॉलीबाल क्लब जालियां मंडी और शहीद डीएसपी मंजीत सिंह वॉलीबाल क्लब पुंछ के बीच मैच हुआ। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहीद जवानों के परिजन, पुलिस अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित हुए।
मैच की अध्यक्षता डीएसपी डीआर सचिन गुप्ता और शहीद मंजीत सिंह मेमोरियल वॉलीबाल क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद तारिक खान ने की, जबकि एसएसपी लियाकत चौधरी मुख्य अतिथि रहे, और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच में मंजीत सिंह क्लब ने मखदूमी क्लब पर शुरू से ही दबाव बनाते हुए सीधे सेटों में मखदूमी क्लब को दो शून्य से हराया। मंजीत सिंह क्लब की तरफ से 25-21 और 30-28 अतंर से जीत हासिल की। मैच में वसीम अकरम, इमरान खान और सिद्धार्थ हुसैन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर खेल की प्रशंसा की। कहा कि पुलिस की तरफ से शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने और युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस प्रकार के मैच का आयोजन किया गया है। डीएसपी आपरेशन मुनीश शर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर नवाज अहमद और रमीज तारिक भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।