पुंछ जिले की तरफ से मुगलरोड से बर्फबारी के बीच बर्फ हटाती मशीने और देर शाम पीर गली पहुंची मशीने
- फोटो : POONCH
पुंछ। मुगलरोड पर बुधवार को दूसरे दिन भी पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई और मुगलरोड अथारिटी की तरफ से बर्फ हटाने का अभियान जारी रखा गया। हालांकि इस दौरान दोपहर बाद मुगलरोड पर निलना टाप से पीर की गली तक हल्की बर्फबारी होती रही। बर्फ हटाने में लगीं मशीनें और कर्मचारी बिना रुके, बिना थके तीन से चार फुट मोटी बर्फ की चादर को काटते हुए एक वाहन के चलने योग्य रास्ता बनाते हुए देर शाम तक पीर की गली तक पहुंच गए। इससे पुंछ ओर कश्मीर के बीच मार्ग वाहनों के चलने योग्य बना दिया गया।
पीर की गली से पोशाना की तरफ लौटते हुए बर्फ हटाने की मशीनें सड़क को दो वाहनों के चलने योग्य बनाते हुए पोशाना तक पहुंची। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई के अधिकारियों जूनियर इंजीनियर ताहिर न्याज और असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मोहम्मद तारिक खान ने बताया कि बुधवार को दूसरे दिन भी मुगलरोड से बर्फ हटाने का अभियान चलाया गया। इस दौरान काफी समय तक हल्की बर्फबारी होती रही, जिसके बीच देर शाम तक सड़क को पोशाना से पीर की गली तक वाहनों के चलने योग्य बना दिया गया है। आशा है कि अगर मौसम साफ रहा तो वीरवार दोपहर बाद मुगलरोड को एक बार फिर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। हमने मुगलरोड से बर्फ हटाने का अभियान पूरा करने के साथ ही उपायुक्त, यातायात पुलिस और मुगलरोड अथारिटी के अधिकारियों को ओके रिपोर्ट दे दी है।
गौरतलब है कि चार दिन से मुगलरोड पर बर्फबारी के चलते यातायात के लिए पूरी तरह बंद पड़ी हुई थी। इससे कश्मीर के अस्पतालों में उपचार कराने वाले रोगियों, उनके परिजनों के साथ ही फल एवं सब्जी व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।