पुंछ। सुरक्षा बलों ने नियंत्रण रेखा के निकटवर्ती क्षेत्र के गांव मंगनाड़ एवं दरादुलियां में शुक्रवार को भी कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जवानों ने दोनों ही क्षेत्रों को खंगाला। अभियान के बारे में सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यह एक नियमित प्रक्रिया है। साथ ही नववर्ष के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए अभियान चलाया गया है। ताकि कहीं पर भी कोई देश विरोधी तत्व मौजूद हों तो वह अपनी किसी भी नापाक हरकत को अंजाम देने के बारे में सोच भी न पाएं।
जानकारी के अनुसार वीरवार को सुरक्षा बलों पुलिस, एसओजी और सीआरपीएफ ने बैंछ खनेतर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया था। शुक्रवार सुबह से सुरक्षा बलों के सैकड़ों जवानों ने डीएसपी हेडक्वार्टर नवाज अहमद और एसएचओ सुरेश्वर सिंह की अगुवाई में गांव मंगनाड़ से तलाशी अभियान शुरू किया। जहां मंगनाड़ एवं गांव दरादुलियां में ग्रामीण क्षेत्रों, जंगलों एवं पुंछ-मेंढर मार्ग पर दिन भर तलाशी अभियान चलाते हुए उक्त क्षेत्रों को खंगाला।