पुंछ। रविवार देर शाम को जिले में नियंत्रण रेखा पर तैनात सेना की दुर्गा बटालियन, एसओजी और सीआरपीएफ की तरफ से नियंत्रण रेखा से सटे ग्रामीण क्षेत्रों अजोट और पोनीधड़ा में तलाशी अभियान शुरू किया।
सूत्रों के अनुसार शाम करीब पांच बजे सुरक्षाबलों की तरफ से अजोट एंव पोनीधड़ा में अभियान शुरू किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों के जवानों ने क्षेत्र में मक्की के खेतों के साथ ही बेतार नदी किनारे के क्षेत्रों को खंगालना शुरू किया है। इस अभियान को लेकर सुरक्षाबलों के अधिकारियों की तरफ से इसे एहतियात के तौर पर चलाया जाने वाला अभियान बताया है।
गौरतलब है कि कुछ समय से नियंत्रण रेखा के उसपार से आतंकियों की घुसपैठ के प्रयास तेज हए है। पिछले महीने नियंत्रण रेखा पर दिगवार क्षेत्र दो आतंकियों को ढेर किए जाने के बाद से ही सुरक्षाबलों की तरफ से आए दिन नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्र में अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि घुसपैठ के प्रयास करने वाले आतंकियों एवं उनके ओजीडब्ल्यू पर दबाव बना रहे। संवाद