पुंछ। मंडलायुक्त जम्मू डॉ. राघव लंगर सोमवार को अपने दो दिवसीय पुंछ दौरे पर हैलिकॉप्टर के जरिये जिले में पहुंचे। जहां जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। डॉ. लंगर ने नगर स्थित डाक बंगला में पहले जनजातीय गौरव दिवस समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, बीडीसी सदस्यों और डीडीसी सदस्यों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों को उनके क्षेत्रों से संबधित समस्याओं को जानते हुए इनका समाधान करने का आश्वासन दिया। कहा कि जिले की समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया जाएगा।
उनके साथ डीडीसी अध्यक्ष ताजीम अख्तर, उपाध्यक्ष अशफाक अहमद और डीसी इंद्र जीत भी उपस्थित रहे। समारोह में मंडलायुक्त सहित उपस्थित सभी लोगों ने बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित कर देश के लिए जनजातीय लोगों की तरफ से दिए गए योगदान को उजागर किया। मंडलायुक्त ने केंद्र सरकार की तरफ से जनजातीय लोगों के लिए चलाई गई योजनाओं के बारे में जागरूक किया और लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक वितरित किए।