पुंछ। मेंढर के गांव नक्का मंजयाड़ी में बारिश से मकान क्षतिग्रस्त होने पर एक गरीब परिवार की सहायता के लिए सेना आगे आई है। क्षेत्र में तैनात सेना की राष्ट्रीय राइफल के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को बारिश एवं धूप में सिर छुपाने को एक टेंट और राशन प्रदान किया। सेना के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को बारिश से क्षतिग्रस्त मकान की मरमत में सहयोग का भी वादा किया।
गौरतबल है कि शनिवार को मेंढर में हुई बारिश से गांव नक्का मंजयाड़ी निवासी इतफाक अहमद खान पुत्र गुलाम सरवार खान का दो कमरों का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण इतफाक अहमद खान, उसकी पत्नी और बेटे के लिए सिर छुपाने तक की जगह नहीं बच्ची। मकान क्षतिग्रस्त होने से उसमें रखा सामान भी तबाह हो गया। आस पड़ोस के लोगों ने कडे़ प्रयास से मिट्टी से निकाल कर पड़ोस के एक मकान में रखा। इस घटना की जानकारी मिलने पर रविवार को क्षेत्र में तैनात राष्ट्रीय राइफल के अधिकारियों ने जवानों के एक दल को टेंट, राशन और अन्य जरूरी सामान के साथ इतफाक अहमद खान के घर भेजा। जवानों ने अपने हाथों से टेंट लगाने के साथ ही उसे जरूरी सामान एवं राशन प्रदान किया। सेना के इस सहयोग को लेकर पीड़ित परिवार के साथ ही गांव के लोग भी सेना के कार्य की सराहना करते हुए कहते हैं कि सेना हम लोगों के हर दुख में सबसे बड़ा साथी बन कर हमारे साथ खड़ी होती है।