शिया समुदाय ने यौम-ए-कुदस जुलूस निकाल इजराइल और अमेरिका के खिलाफ किया प्रदर्शन
अल कुदस को मुक्त कराने की ली शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। नगर में रमजान के अंतिम जुम्मे को शिया समुदाय ने यौम-ए-कुदस मनाते हुए इजराइल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने फलस्तीन एवं फलस्तीनियों के साथ सहानुभूति जताते हुए सभी इस्लाम को मानने वालों को एक मंच पर एकत्र होकर इजराइल के कब्जे से अल कुदस को आजाद करवाने का आह्वान किया।
दोपहर बाद पुंछ के वार्ड 4 स्थित जामा मस्जिद में नमाज के लिए जुटे लोगों ने शिया समुदाय के धार्मिक संगठन अंजुमन-ए-जाफरिया के बैनर तले यौम-ए-कुदस मनाते हुए जुलूस निकाला। इसमें शामिल लोग अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारे लगा रहे थे, अल कुदस तेरी अस्मत की कसम हम आजाद तुझे करवाएंगे। वार्ड 4 से शुरू हुआ जुलूस नगर के विभिन्न बाजारों से होता हुआ परेड पार्क के बाहर पहुंचा। यहां एक जनसभा हुई, जिसमें अंजुमन ए जाफरिया के पदाधिकारियों ने कहा कि शिया समुदाय रमजान के अंतिम जुम्मे को दुनिया भर के दबे कुचले एवं पीड़ितों के साथ सहानुभूति जताने के लिए मनाते हैं। साथ ही दुनिया भर के मुसलमानों की सबसे पवित्र मस्जिदों में से एक अल कुदस को मुक्त कराने की शपथ ली है। इस पर इजराइल का कब्जा है। सभी मुसलमानों से अपील है कि एकजुट हो जाएं।