पुंछ। अगर राहुल गांधी ने कोई घोटाला नहीं किया है, तो वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश होने से क्यों डरते हैं। क्यों कांग्रेसी सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। जो भी किसी घोटाले में शामिल होगा, वह अब बच नहीं सकता। उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
यह कहना है भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना का, वह सोमवार को पुंछ नगर में केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के आठ वर्ष पूरे होने पर नगर में आयोजित गरीब कल्याण सम्मेलन को संबोधित करने के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। राहुल गांधी को प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से तलब किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तरफ से देश भर में किए जा रहे प्रदर्शनों के बारे में पूछे जाने पर रवींद्र रैना का कहना था कि समाचार पत्र नेशनल हेराल्ड के घोटाले को लेकर राहुल गांधी को पहले भी कई बार तलब किया गया। परंतु वह पेश नहीं हुए। उसकी कड़ी में आज फिर उन्हें तलब किया गया। तो कांग्रेसी सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। अगर राहुल गांधी ने कोई घोटाला नहीं किया है, तो उन्हें डरने की क्या जरूरत है।
अगर घोटाला किया है तो फिर तो परेशानी होनी है। जहां तक प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से तलब किए जाने की बात है तो वह सरकार ने उन्हें तलब नहीं किया है, बल्कि प्रवर्तन निदेशालय एक स्वतंत्र जांच एजेंसी है। वह अपना काम निष्पक्ष तरीके से करती है।