पुंछ। प्रधानमंत्री पर्यटन से जम्मू-कश्मीर के हर परिवार की वित्तीय स्थित मजबूत करना चाहते हैं। इसके लिए वह पूरे जम्मू-कश्मीर में पर्यटक स्थलों का विकास कराने का प्रयास कर रहे हैं। ताकि आने वाले समय में हर घर में पर्यटन से आमदनी हो सके।
यह कहना है पंचायतीराज के केंद्रीय राज्यमंत्री कपिल मोरेश्वर पाटिल का, वह शुक्रवार को पुंछ दौरे के पहले दिन मंडी तहसील के मंडी और लोरन ब्लाक के दौरे के दौरान यहां की सुंदरता, कल-कल बहती पुलस्त नदी और पहाड़ों का अवलोकन करने के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर सुंदरता में स्विटजरलैंड से आगे है। यहां हर क्षेत्र में सुंदरता बिखरी पड़ी है। अंतर सिर्फ इतना है कि स्विटजरलैंड में इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है। अभी मुझे उपयुक्त बता रहे थे कि वह किसी जगह तीन घंटे पैदल चल कर पहुंचे तो वहां बहुत सुंदर झील को देखा। जैसे कोई और बता रहा था कि जिले में सात झील हैं। हम उनको आपस में जोड़ने के इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर सकते हैं, जिससे पुंछ के हर घर में पर्यटन से आमदनी हो जाए।