पुंछ। नियंत्रण रेखा पर पिछले सवा साल से संघर्ष विराम के बीच भी पाकिस्तान अब आतंकियाें को ज्यादा मारक हथियारों के साथ इस तरफ धकेलने की फिराक में है। रविवार को पुंछ में नियंत्रण रेखा से पाकिस्तान निर्मित 223 बोर की बंदूक बरामद हुई है, जिसे अमेरिकी हथियार की नकल से तैयार किया गया है।
सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान ने एके47 राइफल के मुकाबले में 223 बोर बंदूकें तैयार कर आतंकियों को दी हैं। दावा किया जा रहा है यह एके47 से कम वजन की होने के बावजूद ज्यादा मारक हैं। पुंछ जिले में पहली बार नियंत्रण रेखा के पास से बरामद इस बंदूक पर पाकिस्तान निर्मित सील है। सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।
---
राजोरी सेक्टर में फिर सक्रिय हुए आतंकी
राजोरी सेक्टर में पाकिस्तान ने आतंकियों को फिर सक्रिय कर दिया है। राजोरी के नोशेरा में नियंत्रण रेखा पर हथियारों के साथ घुसपैठ करते आतंकी को सेना ने ढेर कर दिया था। संघर्ष विराम की आड़ में इस तरह के प्रयास पहले भी हो चुके हैं, जिसे पूरी तरह से नाकाम करने के लिए सुरक्षा ग्रिड को बेहद मजबूत किया गया है।