पुंछ। मंडी तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार को पुलस्त नदी में दो नाबालिग बच्चे डूब गए। इसका पता चलते ही आसपास के लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए दोनों को बाहर निकाल कर पास ही स्थित सेना की 25 आरआर के चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने एक को मृत लाया घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को प्राथमिक उपचार प्रदान करने के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। मृतक बच्चे की पहचान सज्जाद अहमद (14) पुत्र बशीर अहमद निवासी गांव बायला और घायल की पहचान मोहम्मद आरिफ (15) पुत्र अब्दुल अजीज निवासी बायला मंडी के रूप में हुई है।
पुलिस ने कानूनी कारवाही करने के उपरांत मृतक बच्चे का शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया। इस हादसे से पूरे गांव में गम का माहौल है। क्षेत्र के सरपंच मगोशर बांडे ने इस हादसे पर शोक प्रकट करते हुए बताया कि दोपहर को गांव बायला निवासी मोहम्मद अजीज का नाबालिग पुत्र मोहम्मद आरिफ और मोहम्मद बशीर का पुत्र सज्जाद अहमद मंडी तहसील मुख्यालय पर अलविदा की नमाज के लिए आए थे। जहां नमाज के बाद दोनों नदी में नहाने चले गए। वहां वह डूब गए। उन्हें डूबता देख वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। जब तक वह उन्हें नदी से निकालते तब तक एक बच्चे की मौत हो गई।